– राष्ट्रीय बीमा जागरूकता दिवस पर जीवन बीमा को सरल बनाने की पहल, वित्तीय साक्षरता बढ़ाने पर जोर
मुंबई। भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) ने ‘बीमा सबके लिए’ (इंश्योरेंस फॉर ऑल) के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की दिशा में एक नई पहल करते हुए राष्ट्रीय बीमा जागरूकता दिवस पर उपभोक्ता जागरूकता कॉमिक बुक श्रृंखला का शुभारंभ किया। आईआरडीएआई के अध्यक्ष अजय सेठ ने इस श्रृंखला का अनावरण करते हुए कहा कि बीमा को आम नागरिकों के लिए सरल, सहज और समझने योग्य बनाना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर जीवन बीमा क्षेत्र के प्रमुख संस्थानों के प्रतिनिधि एक मंच पर आए और देश में बीमा जागरूकता बढ़ाने तथा प्रत्येक परिवार तक वित्तीय सुरक्षा पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
नई कॉमिक बुक श्रृंखला का उद्देश्य जीवन बीमा से जुड़ी जटिल अवधारणाओं को आसान भाषा और रोचक कहानियों के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाना है। इसमें मैरिड वुमेन्स प्रॉपर्टी एक्ट (एमडब्ल्यूपी), वेवर ऑफ प्रीमियम (डब्ल्यूपी) तथा गंभीर बीमारी राइडर जैसे महत्वपूर्ण विषयों को तकनीकी शब्दावली के बजाय दैनिक जीवन की परिस्थितियों से जोड़कर समझाया गया है। पूरी श्रृंखला युवा बीमा सलाहकार ‘सुप्रिया’ के अनुभवों पर आधारित है, जिससे पाठकों को वित्तीय योजना और जीवन बीमा के महत्व को व्यवहारिक रूप में समझने में मदद मिलेगी। आईएसी-लाइफ के अध्यक्ष कमलेश राव ने कहा कि ‘बीमा सबके लिए’ केवल बीमा पॉलिसियों की संख्या बढ़ाने का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय परिवार को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने का राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में वित्तीय सुरक्षा की मजबूत व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है और जीवन बीमा इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लाइफ इंश्योरेंस काउंसिल के महासचिव आदित्य गुप्ता ने कहा कि जीवन बीमा लोगों और उनके परिवारों को भविष्य की अनिश्चितताओं से सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि कॉमिक बुक जैसे नवाचारों से बीमा संबंधी जानकारी अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचेगी और विशेष रूप से युवाओं में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान ‘इंडिया आस्क्स: व्हाई प्रायोरिटाइज लाइफ इंश्योरेंस?’ विषय पर एक पैनल चर्चा भी आयोजित की गई। इसमें एलआईसी के प्रबंध निदेशक दोराईस्वामी, पीएनबी मेटलाइफ के एमडी एवं सीईओ समीर बंसल, इंडियाफर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस के एमडी एवं सीईओ रुशभ गांधी सहित उद्योग के वरिष्ठ विशेषज्ञों ने भाग लिया। चर्चा में जीवन बीमा की पहुंच बढ़ाने, उपभोक्ता विश्वास मजबूत करने और वित्तीय योजना में बीमा की भूमिका पर विस्तार से विचार साझा किए गए। इस अवसर पर बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जीवन बीमा उद्योग ने नए व्यवसाय प्रीमियम (एनबीपी) में 15.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और 2.83 करोड़ से अधिक नई पॉलिसियां जारी कीं। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि देश में बीमा की पहुंच बढ़ाने के लिए वित्तीय साक्षरता, जागरूकता और उपभोक्ताओं का विश्वास मजबूत करना अभी भी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।