– एसटीएफ-देहरादून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
– दो मैनेजर गिरफ्तार 45 सिम और 32 स्लॉट वाला सिम बॉक्स बरामद
देहरादून। देहरादून में अवैध सिम बॉक्स के जरिए संचालित किए जा रहे संदिग्ध कॉल सेंटर का एसटीएफ और देहरादून पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। जीएमएस रोड स्थित कमला पैलेस के पास कैरियर हाउस बिल्डिंग में चल रहे कॉल सेंटर पर छापेमारी कर दो मैनेजरों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार यहां बैंक और वित्तीय संस्थानों के ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने और उसके लाभ बताने के नाम पर कॉल की जाती थी। आरोप है कि कई मामलों में ग्राहकों पर धनराशि जमा कराने के लिए धमकी और दबाव बनाया जाता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 32 स्लॉट वाला एक सिम बॉक्स, 45 सिम कार्ड, लैपटॉप, दो राउटर, दो एटीएम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। एसटीएफ के मुताबिक लैपटॉप की जांच में SBI, BOB, AXIS BANK, POONAWALLA FINANCE, YES BANK और RBL समेत विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के ग्राहकों के क्रेडिट कार्ड से संबंधित डेटा मिला है। पुलिस ने डेटा के स्रोत और उसके इस्तेमाल को लेकर जांच शुरू कर दी है।
निजी मोबाइल नंबरों से कॉल
एसटीएफ के अनुसार कॉल सेंटर में दूरसंचार विभाग की निर्धारित गाइडलाइन के विपरीत कस्टमर हेल्पलाइन के लिए निर्धारित 1600 नंबर सीरीज का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था। ग्राहकों को व्यक्तिगत मोबाइल नंबरों से कॉल की जाती थी। जांच में सामने आया कि कॉलिंग के लिए DINSTAR कंपनी का 32 स्लॉट वाला सिम बॉक्स लगाया गया था।दूरसंचार विभाग की टीम ने मौके पर सिम बॉक्स की पुष्टि की। अधिकारियों के अनुसार इस तरह के उपकरण के माध्यम से कॉल की वास्तविक पहचान छिपाई जा सकती है और इसका इस्तेमाल धोखाधड़ी समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है।
39 युवक-युवतियां भी कर रहे थे काम
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि कॉल सेंटर में करीब 39 अन्य युवक-युवतियों को भी काम पर रखा गया था। उन्हें कमीशन के आधार पर भुगतान किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार कॉल सेंटर से लोगों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने और उससे जुड़े लाभों के नाम पर संपर्क किया जाता था। आरोप है कि कुछ ग्राहकों से जल्द रकम जमा कराने के लिए धमकी भरे कॉल और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता था।
दो मैनेजर गिरफ्तार
पुलिस ने कंपनी के मैनेजर लक्ष्मण प्रसाद निवासी महोबा, उत्तर प्रदेश, हाल देहरादून और रीजनल मैनेजर जगमोहन सिंह रावत निवासी नई दिल्ली को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार दोनों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मु0अ0सं0 49/2026 दर्ज किया गया है। मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 319(1), 61(2), 3(5), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C), 66(D) तथा दूरसंचार अधिनियम की धारा 42(1), 42(3) के तहत कार्रवाई की गई है। एसटीएफ ने बताया कि कार्रवाई दूरसंचार विभाग से मिले इनपुट के आधार पर की गई। संदिग्ध मोबाइल नंबरों के संबंध में चक्षु पोर्टल और OTT प्लेटफॉर्म पर शिकायतें भी सामने आई थीं। मामले में डिजिटल डेटा और कॉल सेंटर के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।