अक्षय बने उत्तराखंड एनसीसी के शूटिंग कोच…डीजी एनसीसी प्रतियोगिता के लिए देंगे प्रशिक्षण

– एसबीपीएस शूटिंग एकादमी के कोच हैं अक्षय आनंद

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) शूटिंग एकादमी के कोच अक्षय आनंद का चयन उत्तराखंड एनसीसी शूटिंग कोच के तौर पर हुआ है। कोच अक्षय आनंद ने स्कूल और उत्तराखंड को कई नामी खिलाड़ी दिये हैं जो कि निशानेबाजी में नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

अक्षय आनंद के एनसीसी कोच के तौर पर चयन होने पर बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने कहा कि अक्षय बेहद अनुभवी और अंतर्राष्ट्रीय मानकों पर खरे उतरने वाले कोच हैं। यह गर्व का विषय है कि प्रदेश भर के एनसीसी कैडेट्स को उनके प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कोच अक्षय आनंद के नेतृत्व में छात्र उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन करेंगे।
कोच अक्षय आनंद की उत्कृष्ट सेवाओं और शूटिंग खेल में योगदान को देखते हुए उन्हें नैनीताल ग्रुप कमांडर और कमांडिंग ऑफिसर देवेश ऐरी द्वारा सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, छात्रों एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त किया है। चयन के उपरांत कोच अब डी.जी. एनसीसी प्रतियोगिता के लिए 20 एनसीसी कैडेट्स को विशेष प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इस प्रतियोगिता में देश भर के एनसीसी कैडेट अपने अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व करेंगे। ये कैडेट्स प्रशिक्षु के रूप में प्रतियोगिता की तैयारी करेंगे। कोच के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को निशानेबाजी की उन्नत तकनीकों एवं प्रतियोगी कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शूटिंग कोच अक्षय आनंद के स्कूल पहुंचते ही स्कूल की मैनेजिंग डायरेक्टर विपिन बलूनी और प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने शूटिंग कोच अक्षय आनंद को बधाई दी और सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *