चारधाम यात्रा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं… सुरक्षा और सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता: डीएम

देहरादून। चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के चरम पर पहुंचने के बीच जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने यात्रा व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल और यातायात प्रबंधन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने प्रमुख यात्रा पड़ावों पर उप जिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों द्वारा संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही पंजीकरण केंद्रों और होल्डिंग एरिया में यात्रियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा यात्रा मार्गों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर स्वच्छ पेयजल, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, शौचालयों की नियमित सफाई तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने खाद्य पदार्थों में मिलावट, ओवररेटिंग, बिजली आपूर्ति, स्ट्रीट लाइटों की कार्यशीलता और स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने कहा कि रात्रि 10 बजे के बाद केवल आवश्यक वस्तुओं से जुड़े वाहनों को ही यात्रा मार्गों पर संचालित किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। बैठक में प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, मूल्य नियंत्रण, पंजीकरण केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन, वाहन फिटनेस और आरटीओ चेकिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने नगर निगम, एमडीडीए, स्मार्ट सिटी, एफएम रेडियो और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने भ्रामक और फेक वीडियो प्रसारित कर भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम चारधाम यात्रा सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *