आस्था का महापर्व शुरू: वैदिक मंत्रोच्चार के बीच खुले बद्रीनाथ धाम के कपाट

– करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल और अखंड ज्योति के दर्शन

बद्रीनाथ। भगवान बद्रीनाथ धाम के कपाट बृहस्पतिवार को 6:15 बजे विधिविधान व वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम श्रद्धा और आस्था के भाव से सराबोर हो उठा। इस अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल और अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

🔸 मुख्यमंत्री ने की पहली महाभिषेक पूजा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित अन्य मंदिरों में भी विधिवत पूजा-अर्चना की।

🔸 यात्रियों से लिया फीडबैक, व्यवस्थाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और फीडबैक भी प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

🔸 पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं से हरित और स्वच्छ चारधाम यात्रा में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को धार्मिक यात्रा का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।

🔸 लोक संस्कृति की छटा, जागरों पर झूमे श्रद्धालु
कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ मंदिर प्रांगण में झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया। लोक संस्कृति और आस्था का यह संगम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना। विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने भी भजन-कीर्तन कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

🔸 भंडारे का शुभारंभ, श्रद्धालुओं संग प्रसाद ग्रहण
मुख्यमंत्री ने धाम में संचालित भंडारे का शुभारंभ करते हुए श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने भंडारा संचालकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और सेवा कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, बीकेटीसी के सीईओ विशाल मिश्रा, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, रावल अमरनाथ नंबूदरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी रविंद्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *