गहरी खाई में गिरी कार, तीन युवकों की दर्दनाक मौत

रुद्रप्रयाग। जनपद के भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। एक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिसमें सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक वाहन संख्या UK 13 TA 1991 देर रात भीरी से औरिंग की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला। घटना की सूचना रात 11:54 बजे एसडीआरएफ नियंत्रण कक्ष को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट अगस्तमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। दुर्गम इलाके में पहुंचकर रेस्क्यू टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि तीनों युवक वाहन के अंदर ही मृत अवस्था में फंसे हुए थे। एसडीआरएफ टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद एक शव को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया, जबकि अन्य शवों को निकालने का कार्य जारी रहा। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष) निवासी औरिंग, अमित सिंह (35 वर्ष) और अंशुल (28 वर्ष) निवासी सुरसाल के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *