उत्तरकाशी में भूकंप से कांपी धरती, 4.2 तीव्रता के झटकों से दहशत

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में शनिवार रात भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। रात करीब 8 बजकर 7 मिनट पर अचानक धरती डोली तो घरों के भीतर मौजूद लोग घबराकर बाहर निकल आए। जिला मुख्यालय सहित यमुनोत्री घाटी के खरसाली गांव में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। घरों में रखे टीवी और अन्य सामान हिलने लगे। अचानक आए झटकों के बाद लोगों में कुछ देर तक भय का माहौल बना रहा। हालांकि, प्रशासन के अनुसार जनपद में किसी प्रकार की जन-धन की क्षति की सूचना नहीं है।

उपलब्ध भूकंप संबंधी आंकड़ों के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 दर्ज की गई। इसका समय रात 8 बजकर 7 मिनट 30 सेकंड और गहराई जमीन से करीब 11 किलोमीटर बताई गई है। दर्ज निर्देशांक 30.744 डिग्री उत्तर अक्षांश और 78.414 डिग्री पूर्व देशांतर हैं। इन आंकड़ों के आधार पर भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी क्षेत्र के आसपास पड़ता है।स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार रात अचानक धरती में कंपन महसूस हुआ। घरों में रखा सामान हिलने लगा तो लोग एहतियातन बाहर निकल आए। कुछ देर तक लोग एक-दूसरे से भूकंप के झटकों की जानकारी लेते रहे। पहाड़ी क्षेत्र में अचानक आए कंपन से लोगों में संभावित खतरे को लेकर चिंता बनी रही। भूकंप की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने सभी तहसीलों, थानों और चौकियों से जानकारी जुटाई। आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं के अनुसार, फिलहाल जनपद में किसी प्रकार की जन-धन की क्षति की सूचना नहीं है।  भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र में स्थित उत्तरकाशी में इस घटना ने एक बार फिर सतर्कता की जरूरत को रेखांकित किया है। विशेषज्ञों के अनुसार, भूकंप के दौरान मजबूत मेज के नीचे सिर और गर्दन ढककर सुरक्षित रहना चाहिए। झटके रुकने के बाद सावधानीपूर्वक खुले स्थान पर निकलें और लिफ्ट का इस्तेमाल न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *