ऋषिकेश। चारधाम यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऋषिकेश पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए हत्या के प्रयास के मामले में वांछित 15-15 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार रविवार देर रात नटराज चौक क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक काली मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों बैरियर को टक्कर मारकर हरिद्वार बाईपास की ओर फरार हो गए। सूचना प्रसारित कर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया और खांड गांव के पास घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने मोटरसाइकिल जंगल की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों के पैरों में लगी और उन्हें दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमिर (22) निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार तथा अनवारूल हक उर्फ अनवर (24) निवासी सीतामढ़ी, बिहार, हाल निवासी नबी करीम, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों कोतवाली ऋषिकेश में दर्ज जानलेवा हमले के मुकदमे में वांछित चल रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले भट्टोवाला क्षेत्र में सड़क किनारे शराब पीने को लेकर स्थानीय लोगों से विवाद होने पर आरोपियों ने अपने साथी वसीम के साथ मिलकर फायरिंग की थी, जिसमें दो लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद वसीम को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि दोनों फरार चल रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने बिहार में लूट के दौरान एक व्यक्ति की हत्या करने की बात भी कबूल की है। बिहार पुलिस से बचने के लिए वे ऋषिकेश आए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से एक फैक्ट्री मेड पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, नकदी तथा बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।