– सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्कूल के 10 खिलाड़ियों ने जीते कांस्य पदक
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 के पांचवें दिन मेजबान स्कूल के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विभिन्न आयु वर्गों में एसबीपीएस के 12 मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंच गए, जबकि तीन खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह बनाकर स्वर्ण पदक की उम्मीदें बरकरार रखी हैं। इसके अलावा स्कूल के 10 खिलाड़ियों ने कांस्य पदक अपने नाम किए।
पांचवें दिन प्रतियोगिता का उद्घाटन एशियन गेम्स पदक विजेता डॉ. धर्मेंद्र प्रताप भट्ट ने किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग जज जोगिंदर सिंह बोरा, अंतरराष्ट्रीय कोच दुर्गा क्षेत्री थापा तथा सीबीएसई के ऑब्जर्वर अमित चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एसबीपीएस के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने सभी अतिथियों का स्वागत कर उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किए। दिनभर चले मुकाबलों में कुल 236 बाउट्स आयोजित की गईं, जिनमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले शामिल रहे। एसबीपीएस के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए कई मुकाबले अपने नाम किए।
अंडर-14 वर्ग में बालक वर्ग से अंश ठाकुर तथा बालिका वर्ग से मायरा पांडे और प्राची पायल ने शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। अंडर-17 बालक वर्ग में कृष्णा सिंह, आरव भट्ट, मोहित भंडारी, गौरव सिंह और नीलाद्री पॉल ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में वासु नेगी तथा अंडर-19 बालिका वर्ग में तृप्ति जखमोला ने अंतिम चार में प्रवेश किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में एसबीपीएस की अंशिका विद्वान, स्वस्ति रावत, मुस्कान बिष्ट, समृद्धि गोदियाल और संप्रति धीमान ने भी सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर स्कूल का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शिविका गुनियाल, रुद्राक्षी, आराध्या नेगी, सुहानी कैंथुरा, आव्या अग्रवाल, सुकृति नौटियाल, आरव सिंह रौतेला, अभिनव चमोली, इब्राहिम अली और एस.के. मिसबाहुल ने कांस्य पदक हासिल किए।
एसबीपीएस के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने सभी पदक विजेताओं और सेमीफाइनल एवं फाइनल में पहुंचे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ियों का प्रदर्शन विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का समापन रविवार को पदक वितरण समारोह के साथ होगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और जुझारूपन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे प्रशिक्षकों का समर्पण और निरंतर मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
