कोरोनेशन अस्पताल में डीएम का औचक निरीक्षण, बदहाल व्यवस्थाओं पर जताई सख्त नाराजगी

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने बुधवार रात लगभग 8 बजे कोरोनेशन अस्पताल का अचानक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं, गंदगी और प्रबंधन की लापरवाही सामने आने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सीएमओ और सीएमएस की संयुक्त जांच समिति गठित कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

बुधवार को जिलाधिकारी ने निरीक्षण की शुरुआत आईसीयू वार्ड से की, जहां एसी बंद पाए जाने पर मरीजों को भारी असुविधा हो रही थी। इस गंभीर लापरवाही पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित व्यवस्था की जिम्मेदारी निभा रहे अधिकारियों से जवाब-तलब किया। वहीं आईसीयू के स्टॉक और उपस्थिति रजिस्टरों में भी कई खामियां पाई गईं, जिससे रिकॉर्ड प्रबंधन की गंभीर स्थिति उजागर हुई। इसके बाद जिलाधिकारी ने बाल रोग, पुरुष, महिला एवं सर्जरी वार्डों का निरीक्षण किया, जहां कई अव्यवस्थाएं सामने आईं। एक गंभीर मरीज को बिना ठोस कारण रेफर किए जाने की तैयारी पर डीएम ने आपत्ति जताई। साथ ही मरीजों को फटे-पुराने कंबल उपलब्ध कराए जाने पर उन्होंने तत्काल व्यवस्था सुधारने और सभी खराब कंबलों को हटाने के निर्देश दिए। अस्पताल की लिफ्ट में गंदगी, पान की पीक और सीसीटीवी कैमरों की अनुपस्थिति पर भी डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। महिला शौचालय में पुरुष यूरिनल पाए जाने पर उन्होंने इसे गंभीर प्रशासनिक चूक बताया और तुरंत सुधार के आदेश दिए।

सर्जरी वार्ड में एक लावारिस मरीज की नाजुक स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने तत्काल उपचार के निर्देश दिए। मरीज का शुगर लेवल बेहद कम था और उसके आसपास गंदगी व अव्यवस्था पाई गई। डीएम के हस्तक्षेप के बाद मरीज को तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थागत खामियों को जल्द से जल्द दूर कर मरीजों को बेहतर और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं। निरीक्षण में आकस्मिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *