OBE रैंकिंग 2026 में उत्तरांचल विश्वविद्यालय का परचम, प्लेटिनम बैंड पाने वाला उत्तराखंड का एकमात्र विवि

देहरादून। आर. वर्ल्ड इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग (WIR) द्वारा जारी आउटकम-बेस्ड एजुकेशन (OBE) रैंकिंग-2026 में उत्तरांचल विश्वविद्यालय ने प्लेटिनम बैंड हासिल कर प्रदेश के उच्च शिक्षा क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस प्रतिष्ठित रैंकिंग में प्लेटिनम बैंड प्राप्त करने वाला उत्तराखंड का यह एकमात्र विश्वविद्यालय बना है, जिससे उसकी शैक्षणिक गुणवत्ता और परिणाम-आधारित शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

विश्वविद्यालय को इस रैंकिंग में देश के कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों के साथ स्थान मिला है। इनमें भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) बेंगलुरु, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, अमृता विश्व विद्यापीठम और बीआईटीएस पिलानी जैसे प्रमुख संस्थान शामिल हैं। यह उपलब्धि उत्तरांचल विश्वविद्यालय की बढ़ती राष्ट्रीय प्रतिष्ठा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में उसकी सशक्त उपस्थिति को दर्शाती है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह सम्मान परिणाम-आधारित शिक्षा (OBE), सतत गुणवत्ता संवर्धन, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और वैश्विक शैक्षणिक मानकों को अपनाने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। विश्वविद्यालय के अध्यक्ष जितेन्द्र जोशी ने कहा कि प्लेटिनम बैंड प्राप्त करना संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के एकमात्र विश्वविद्यालय के रूप में यह सम्मान मिलना उत्कृष्टता, नवाचार और वैश्विक स्तर के योग्य स्नातक तैयार करने की दिशा में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। उपाध्यक्ष अंकिता जोशी ने इस उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय में विकसित गुणवत्ता संस्कृति और सामूहिक प्रयासों को देते हुए कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में नई ऊर्जा प्रदान करेगा। कुलपति प्रो. धर्मबुद्धि ने कहा कि यह मान्यता परिणाम-आधारित शिक्षा को प्रभावी ढंग से लागू करने के विश्वविद्यालय के प्रयासों की पुष्टि करती है तथा गुणवत्ता, नवाचार और संस्थागत सुधार की दिशा में आगे बढ़ने का प्रेरक अवसर है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि के लिए आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) की भूमिका की विशेष सराहना करते हुए निदेशक ई. राजेश देवराड़ी, सहायक प्रबंधक ई. सुधीर जुगरान, संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई दी। इससे पहले भी उत्तरांचल विश्वविद्यालय टाइम्स हायर एजुकेशन, QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग, NIRF, WURI सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *