देहरादून। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी की एमबीए छात्रा और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर स्नेह राणा ने क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित मैदान लॉर्ड्स में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया। इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए महिला टेस्ट मैच में उनकी घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत ने 270 रनों से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
दूसरी पारी में स्नेह राणा ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 83 रन देकर 6 विकेट झटके। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने इंग्लैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी और भारत की जीत की नींव मजबूत की। मैच में उनके निर्णायक योगदान के लिए उन्हें जीत की सबसे बड़ी नायिकाओं में माना गया। स्नेह राणा ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में एमबीए की छात्रा हैं। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाई दी, बल्कि उत्तराखंड और ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय का भी गौरव बढ़ाया है। स्नेह राणा के ऐतिहासिक प्रदर्शन की खबर मिलते ही ग्राफिक एरा परिसर में उत्साह का माहौल बन गया। विश्वविद्यालय परिवार ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्नेह ने अपने खेल, अनुशासन और मेहनत से पूरे संस्थान को गौरवान्वित किया है। विश्वविद्यालय ने उनकी उपलब्धि को छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
