– सात दिवसीय फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम ‘गुरु दक्षता 2.0’ का शुभारंभ
देहरादून। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मूल्य आधारित शिक्षा से परिचित कराने के उद्देश्य से सात दिवसीय फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम ‘गुरु दक्षता 2.0’ का सोमवार को शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते शैक्षणिक परिवेश में शिक्षकों के लिए एआई और आधुनिक तकनीकों को अपनाते हुए स्वयं को निरंतर अपडेट रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, नवाचार की सोच और जीवनोपयोगी कौशल विकसित कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है। यह फैकल्टी इंडक्शन प्रोग्राम ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेंट सेंटर (एचआरडीसी) द्वारा आयोजित किया जा रहा है। उद्घाटन सत्र में प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संतोष एस. सर्राफ, कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भारती शर्मा ने किया।