त्यूणी। देहरादून जिले के त्यूणी में बुधवार को टोंस नदी से SDRF की टीम ने एक व्यक्ति का शव बरामद किया। शव श्मशान घाट के पास नदी में दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद SDRF टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को नदी से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार चौकी त्यूणी पुलिस को श्मशान घाट के पास टोंस नदी में शव दिखाई देने की सूचना मिली थी। पुलिस की सूचना पर SDRF पोस्ट त्यूणी से आरक्षी नवीन सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची SDRF टीम ने नदी में रेस्क्यू अभियान चलाते हुए शव को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए शव को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक की पहचान विनोद लोकता (46 वर्ष), निवासी बलोत, त्यूणी के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।