– मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने किया भूमिपूजन
देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को अब उच्च गुणवत्ता वाली मैनेजमेंट शिक्षा के लिए अपने ही प्रदेश में एक और बड़ा अवसर मिलने जा रहा है। बुधवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने देहरादून में भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) काशीपुर के प्रस्तावित देहरादून कैंपस का भूमिपूजन किया। कैंपस के अस्तित्व में आने से प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययन के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्य सचिव ने देहरादून में IIM काशीपुर का कैंपस स्थापित होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को मैनेजमेंट के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की शिक्षा अपने ही क्षेत्र में प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि उच्चस्तरीय शैक्षणिक संस्थानों की उपलब्धता युवाओं की प्रतिभा और क्षमताओं को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें बेहतर शैक्षणिक संसाधन और अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो वे अपनी क्षमताओं को और अधिक विकसित कर सकते हैं तथा नए अवसरों का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि देहरादून में IIM काशीपुर का कैंपस स्थापित होने से विद्यार्थियों को मैनेजमेंट से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। इससे क्षेत्र में उच्चस्तरीय प्रबंधन शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में IIM काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी, कार्यदायी संस्था CPWD देहरादून के मुख्य अभियंता देवेंद्र प्रकाश सहित संबंधित विभागों एवं IIM काशीपुर के अधिकारी उपस्थित रहे।