रुद्रपुर को मिली विकास की नई उड़ान, 5.52 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जनपद के रुद्रपुर नगर निगम परिसर में मंगलवार को आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिली। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने 5.52 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जबकि जनसेवा शिविर में सैकड़ों लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिला।

प्रभारी मंत्री ने लंबाखेड़ा में 2.43 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले गौसदन, 1.60 करोड़ रुपये के वेंडिंग जोन (फेज-2) और 78.78 लाख रुपये की वर्षा जल संचयन परियोजना की आधारशिला रखी। इसके अलावा घंटाघर और स्मृति पार्क से जुड़े विकास कार्यों की भी शुरुआत की गई। कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस मौके पर प्रदीप बत्रा ने कहा कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी सेवाएं और योजनाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के 30 जनसेवा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को पेंशन, राशन कार्ड, किसान सम्मान निधि, दिव्यांगजन सहायता और अन्य सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में प्राप्त 258 आवेदनों में से 257 का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को त्वरित राहत दी गई।

कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह एवं उत्तम दत्ता सहित कई जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *