– एक अगस्त तक चलेगी प्रतियोगिता
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की नॉर्थ जोन-1 बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया। 28 जुलाई से 1 अगस्त तक चलने वाली इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड सहित नॉर्थ जोन के 326 स्कूलों के 890 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 और अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के 150 मुकाबले खेले गए।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुए उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और नैतिकता के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ ली। प्रतियोगिता के लिए कुल 1,468 मुक्केबाजों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 890 खिलाड़ी विभिन्न भार वर्गों में मुकाबला कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन अर्जुन पुरस्कार विजेता और 1962 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता कैप्टन (सेनि.) पदम बहादुर मल्ल ने किया। उन्होंने कहा कि बॉक्सिंग केवल ताकत का खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और धैर्य का भी प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सीबीएसई जैसे मंच से उभरने वाले खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाएंगे। बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने कहा एसपीएस पिछले 5 साल से लगातार यह प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता से बच्चों को मंच मिल रहा है यहां से पदक विजेता खिलाड़ी सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग में प्रतिभा करेंगे। कार्यक्रम में उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव गोपाल सिंह खोलिया, बॉक्सिंग उत्तर प्रदेश एवं देहरादून के संस्थापक सदस्य डॉ. एस.के. अग्निहोत्री, खेल विभाग के सहायक निदेशक संजीव कुमार पौरी, अंतरराष्ट्रीय रेफरी एवं जज संतोष क्षेत्री, संयुक्त निदेशक खेल एस.के. सार्की तथा सीबीएसई पर्यवेक्षक अमित चौधरी सहित कई अतिथि उपस्थित रहे। बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी और प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने अतिथियों का स्वागत किया।
