नशे के सौदागरों के निशाने पर युवा, डीएम बोले- जागरूकता और सामूहिक प्रयास से रोकेंगे प्रसार

– यूपीईएस में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यशाला

देहरादून। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग देहरादून और यूपीईएस के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को यूपीईएस कैंपस, बिधोली, प्रेमनगर में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मुख्य अतिथि के रूप में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने भविष्य के लिए सकारात्मक, रचनात्मक एवं स्वस्थ विकल्प चुनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे का प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि परिवार और समाज भी इससे प्रभावित होते हैं। डीएम ने कहा कि ड्रग्स का सेवन व्यक्ति को धीरे-धीरे इसकी गिरफ्त में ले सकता है। इससे बचाव के लिए आत्म-अनुशासन, आत्म-नियंत्रण और जागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या से निपटने के लिए सरकार, प्रशासन, पुलिस, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, अभिभावकों और आम नागरिकों को मिलकर निरंतर प्रयास करने होंगे। उन्होंने बताया कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए जनपद के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में भी इस प्रकार की कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।

कहानी के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश

पुलिस अधीक्षक नगर शेखर चन्द्र सुयाल ने कहानी के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक समस्या की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, यूपीईएस के वाइस चांसलर मनीष मदान और विशेष अतिथि ललित जोशी ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित किया।

कार्यशाला के दौरान नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों और इससे होने वाली सामाजिक एवं पारिवारिक समस्याओं को दर्शाया गया। प्रस्तुतियों के जरिए नशा छोड़ने और दूसरों को भी नशे से बचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने युवाओं से अपने मित्रों, परिवारजनों और आसपास के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल भारती, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रोहित गोंडवाल, डॉ. प्रदीप राणा, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, यूपीईएस की डॉ. दीपा मेहरा रावत, डॉ. रोहित रस्तोगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, यूपीईएस के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *