– आयुर्वेद दिवस पर मुख्यमंत्री ने भगवान धन्वन्तरि की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के आरोग्य और खुशहाली की कामना की
देहरादून। आयुर्वेद दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में भगवान धन्वन्तरि की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विभिन्न रोगों से बचाव में आयुर्वेद की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलती जीवनशैली के बीच आयुर्वेद की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। इसके माध्यम से स्वस्थ जीवन के साथ-साथ प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुर्वेद और भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। आज दुनिया भारत की प्राचीन चिकित्सा परंपराओं और उनके वैज्ञानिक महत्व को नए दृष्टिकोण से देख रही है। मुख्यमंत्री ने आयुर्वेद दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा आयुर्वेद की उपयोगी परंपराओं को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया।