नारद जयंती: उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकार हुए सम्मानित, सकारात्मक पत्रकारिता पर जोर

देहरादून। विश्व संवाद केंद्र देहरादून के तत्वावधान में “नारद जयंती एवं पत्रकारिता दिवस समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के मूल्यों, राष्ट्रहितकारी संवाद और सकारात्मक मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

रविवार को आईआरडीटी सभागार में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, देवर्षि नारद के चित्र पर पुष्प अर्पण और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। उत्तरकाशी के प्रताप रावत, वरिष्ठ साहित्यकार सोमवारी लाल उनियाल, ईटीवी के ब्यूरो चीफ किरण कांत शर्मा, दैनिक जागरण के आश्विनी त्रिपाठी, न्यूज़ स्टेट के संचित शर्मा, थराली प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश सती और अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार आफताब अजमत सहित अनेक पत्रकारों को सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर “हिमालय हुंकार” पत्रिका के विशेषांक का विमोचन भी किया गया। पत्रिका के संपादक शाक्त ध्यानी ने “हिन्दू जागरण के सौ वर्ष” विषय पर आधारित विशेषांक की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। बतौर मुख्य वक्ता भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि देवर्षि नारद विश्व के आदि पत्रकार माने जाते हैं, जिन्होंने लोककल्याण के लिए संवाद का कार्य किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का भी दायित्व निभाती है। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और राष्ट्रविरोधी नैरेटिव के प्रभावी प्रतिरोध की आवश्यकता पर भी बल दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अशोक बिंदलस ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता और नैतिकता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। समारोह में डॉ. शैलेन्द्र, चन्द्रशेखर, लक्ष्मी प्रसाद जायसवाल, संजय तथा धनंजय सहित कई प्रमुख सामाजिक और संगठनात्मक पदाधिकारी मौजूद रहे।आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष सुरेन्द्र मित्तल, सचिव राजकुमार टांक और ‘हिमालय हुंकार’ के संपादक रणजीत सिंह ज्याला सहित समिति के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *