न्यूरोलॉजी क्षेत्र में उत्तराखंड को नई पहचान, कैबिनेट मंत्री खजान दास ने किया ‘न्यूरो आई क्लिनिक’ का उद्घाटन

देहरादून। रेसकोर्स में शुक्रवार को “न्यूरो आई क्लिनिक” का उद्घाटन राजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री खजान दास द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रसिद्ध न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. ज्योति गौतम के कार्यों और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से उत्तराखंड को न्यूरोलॉजी के क्षेत्र में नई पहचान मिल रही है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि डॉ. ज्योति गौतम ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और आधुनिक चिकित्सा ज्ञान के माध्यम से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि अब राज्य के मरीजों को जटिल न्यूरोलॉजिकल उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी, जो उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। डॉ. ज्योति गौतम ने देश के प्रतिष्ठित एवं विश्वप्रसिद्ध संस्थान नेशनल इंस्टीट्यूट आफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंसेज बेंगलुरु से न्यूरोलॉजी (DM) में सुपर-स्पेशलाइजेशन प्राप्त किया है। उन्होंने मूवमेंट डिसऑर्डर में Jaslok Hospital, एपिलेप्सी में KD Hospital तथा पेन मैनेजमेंट में Asian Pain Academy से विशेष प्रशिक्षण हासिल किया है। इसके अलावा उनके कई शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने All India Institute of Medical Sciences (AIIMS), Dr. Ram Manohar Lohia Hospital तथा Patna Medical College and Hospital जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में सेवाएं देकर महत्वपूर्ण अनुभव अर्जित किया है। डॉ. ज्योति गौतम की एक बड़ी उपलब्धि उत्तराखंड में पहली बार पार्किंसन रोग से पीड़ित मरीज में डीप ब्रेन स्टिमुलेशन (DBS) डिवाइस को सफलतापूर्वक कार्यात्मक बनाना रही है। इसे राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।

कार्यक्रम में डॉ. आर.के. जैन, राज्य मंत्री अशोक वर्मा, विधायक प्रतिनिधि गोपालपुरी, पार्षद आलोक कुमार, महानगर मीडिया संयोजक अक्षत जैन, अंबेडकर नगर मंडल महामंत्री अंकुर जैन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *