हल्द्वानी। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ एसटीएफ उत्तराखंड ने बड़ी कार्रवाई करते हुए औषधि प्रशासन विभाग के साथ मिलकर मुखानी रोड स्थित जय श्री श्याम मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर से व्यवसायिक मात्रा में नशीले इंजेक्शन और नशे के लिए इस्तेमाल की जाने वाली प्रतिबंधित दवाइयां बरामद कीं। कार्रवाई के बाद औषधि प्रशासन विभाग ने मेडिकल स्टोर को अग्रिम कार्रवाई तक सील कर दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ उत्तराखंड के निर्देशन में एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट और औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक कपिल सिंह पुत्र रमेश सिंह, निवासी जवाहरनगर, नगला, पंतनगर और मेडिकल स्टोर स्वामी के पति राहुल वार्ष्णेय पुत्र उपकार वार्ष्णेय, निवासी सावित्री कॉलोनी, हल्द्वानी मौके पर मौजूद मिले। एसटीएफ के अनुसार दोनों के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के प्रावधानों के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। बरामद नशीली और प्रतिबंधित दवाओं के स्रोत, आपूर्ति तथा इनके अवैध इस्तेमाल से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है। मामले में सामने आने वाले अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, मेडिकल स्टोर से बरामद दवाइयों की मात्रा और उनके उपयोग को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि प्रतिबंधित दवाइयां कहां से लाई गईं और इनकी आपूर्ति किन लोगों तक की जा रही थी। एसटीएफ ने स्पष्ट किया कि नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार और इनके दुरुपयोग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विशेष रूप से युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे मामलों में नेटवर्क तक पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली एसटीएफ (शकी टीम में निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद जोशी, उपनिरीक्षक जगदीप सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान और हेड कांस्टेबल इसरार अहमद शामिल रहे। औषधि प्रशासन विभाग की टीम में निरीक्षक शुभम कोटनाला और निरीक्षक अर्चना उप्पल शामिल थीं।
