प्रोजेक्ट प्रोत्साहन से वंचित छात्रों को नई उड़ान दे रहा यूपीईएस

– स्कॉलरशिप पहल के जरिए प्रथम पीढ़ी के विद्यार्थियों को मिल रहे टेक्नोलॉजी और इनोवेशन में करियर के अवसर

देहरादून। UPES ने वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के छात्रों के लिए समावेशी शिक्षा को नया आयाम देते हुए “प्रोजेक्ट प्रोत्साहन” के माध्यम से प्रथम पीढ़ी के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और बेहतर करियर के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।

Purkal Youth Development Society के साथ साझेदारी में संचालित इस दीर्घकालिक स्कॉलरशिप कार्यक्रम के तहत योग्य छात्रों को 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप प्रदान की जा रही है, ताकि वे टेक्नोलॉजी, मैनेजमेंट, लॉ, डिजाइन और मीडिया जैसे क्षेत्रों में शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकें। यूपीईएस द्वारा वर्ष 2018-19 में शुरू किए गए प्रोजेक्ट प्रोत्साहन के तहत अब तक वंचित समुदायों के 24 छात्रों को विभिन्न एकेडमिक प्रोग्राम्स में प्रवेश दिया जा चुका है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में पीवाईडीएस के दो नए छात्रों को पूर्ण छात्रवृत्ति पर प्रवेश मिला है। यह पहल केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों को सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों से उबरने, आत्मविश्वास विकसित करने और अपने परिवार व समुदाय में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए भी प्रेरित करती है। इस पहल के अंतर्गत पढ़ाई कर चुके छात्रों को Infosys, HCL Technologies, Maruti Suzuki, IndiGo सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों में करियर के अवसर प्राप्त हुए हैं।

यूपीईएस के वाइस चांसलर डॉ. सुनील राय ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समुदाय का भविष्य बदलने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रतिभाशाली छात्रों को आर्थिक स्थिति के कारण अवसरों से वंचित न होना पड़े। इस पहल की सफलता की मिसाल हरिद्वार के पास पठरी गांव के छात्र लकी सिंह और गलजवाड़ी के अंशित ममगाईं हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दोनों छात्रों ने मेहनत और प्रतिभा के दम पर सफलता हासिल की। लकी सिंह का चयन इन्फोसिस में हुआ है, जबकि अंशित ममगाईं को एचसीएल टेक्नोलॉजीज़ में ट्रेनी इंजीनियर के रूप में अवसर मिला है। प्रोजेक्ट प्रोत्साहन के जरिए यूपीईएस एक ऐसा समावेशी शैक्षणिक वातावरण तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है, जहाँ हर पृष्ठभूमि का छात्र अपने सपनों को साकार कर सके और समाज में सकारात्मक योगदान दे सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *