देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस लगातार सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, मारपीट और लोक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में कोतवाली नगर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हंगामा करने वाले 6 युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक रेलवे स्टेशन देहरादून के पास आपस में मारपीट और हुड़दंग करते दिखाई दे रहे थे। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ त्वरित वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली नगर पुलिस टीम ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करते हुए सुरागरसी और पतारसी की। जांच में सभी आरोपी थाना पटेलनगर क्षेत्र के ब्रह्मपुरी और चमनपुरी इलाके के निवासी पाए गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर टिकट लेने पहुंचे थे। टिकट घर पर लाइन में खड़े कुछ अन्य युवकों से कहासुनी हो गई, जिसके बाद विवाद मारपीट में बदल गया। गिरफ्तार आरोपियों में फैजान, साहिल, सुहैल, सारिक, अरशद और जुनैद शामिल हैं। सभी आरोपी देहरादून के ब्रह्मपुरी एवं चमनपुरी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी लक्खीबाग उप निरीक्षक राकेश पुंडीर सहित कांस्टेबल हारून, सहदेव त्यागी, राजेश कुंवर, नरेंद्र और लोकेंद्र शामिल रहे।
