बीकेटीसी ने एंबुलेंस, टेंपो ट्रैवलर और लैपटॉप ‘लापता’ होने की खबरों का किया खंडन

मुख्य कार्याधिकारी बोले- सभी वाहनों और उपकरणों का रिकॉर्ड सुरक्षित, सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही जानकारी भ्रामक

देहरादून/ऋषिकेश/गोपेश्वर। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने सोशल मीडिया पर समिति की दो एंबुलेंस, एक टेंपो ट्रैवलर और लैपटॉप के लापता होने संबंधी चर्चाओं को पूरी तरह निराधार बताया है। समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने कहा कि सभी वाहनों और उपकरणों का पूरा रिकॉर्ड समिति के अभिलेखों में सुरक्षित है।

मुख्य कार्याधिकारी ने बताया कि जिन दो एंबुलेंस को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उनमें से एक एंबुलेंस वर्ष 2022 में विधिवत प्रक्रिया के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), रुद्रप्रयाग को हस्तांतरित कर दी गई थी। दूसरी एंबुलेंस वर्ष 2016 में निष्प्रयोज्य घोषित की जा चुकी है और उससे संबंधित सभी दस्तावेज समिति के पास उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि टेंपो ट्रैवलर वाहन वर्तमान में श्री बदरीनाथ धाम से देहरादून मरम्मत के लिए लाया गया है। वाहन समिति के नियंत्रण में है और उसके दुरुपयोग जैसी कोई बात नहीं है।लैपटॉप को लेकर उठे सवालों पर भी मुख्य कार्याधिकारी ने स्पष्ट किया कि विभिन्न बैंकों द्वारा मंदिर समिति को उपलब्ध कराए गए सभी लैपटॉप का स्टॉक रजिस्टर में पूरा विवरण दर्ज है। किसी भी लैपटॉप के गायब होने की बात तथ्यहीन है। सोहन सिंह रांगड़ ने कहा कि मंदिर समिति अपनी सभी परिसंपत्तियों का नियमित अभिलेखीकरण और निगरानी करती है। इसलिए सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न किया जाए। गौरतलब है कि पिछले एक दिन से सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि मंदिर समिति को दान में मिली दो एंबुलेंस और एक टेंपो ट्रैवलर का कोई पता नहीं है। बीकेटीसी ने अब आधिकारिक बयान जारी कर इन सभी दावों का खंडन किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *