मरम्मत के दौरान ढही अस्पताल की दीवार, नारायणबगड़ अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी की दर्दनाक मौत

चमोली। चमोली जिले के नारायणबगड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल परिसर की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार मरम्मत कार्य के दौरान अचानक ढह गई। हादसे में चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के बाद हायर सेंटर भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि 25 जून को हुई भारी बारिश और मलबा आने से अस्पताल की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद शनिवार को दीवार की मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया। इसी दौरान डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मौके पर पहुंचकर कार्य का जायजा ले रहे थे। तभी अचानक कमजोर हो चुकी दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसके मलबे की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद अस्पताल के कर्मचारियों, स्थानीय व्यापारियों और आसपास मौजूद लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया और अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल की जर्जर सुरक्षा दीवार की समय पर मरम्मत और सुरक्षा उपाय नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई है। हादसे ने सरकारी भवनों के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *