देहरादून। राजधानी के किशननगर चौक पर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे बेरोजगार युवाओं के समर्थन में विरोध-प्रदर्शन किया। युवा नेता रितेश छेत्री के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
रितेश छेत्री ने कहा कि देश और प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं तथा पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है। उनका आरोप था कि रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने में सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और उनके अधिकारों की लड़ाई में हर स्तर पर साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है, जिससे परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने मांग की कि भर्ती और परीक्षा से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं का विश्वास बहाल हो सके। कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि युवाओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन को और व्यापक करेगी। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की भी अपील की।
प्रदर्शन में पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, नवीन जोशी, मोहन जोशी, पिया थापा, अनिल बस्नेत, दीप वोहरा, प्रमोद गुप्ता, कासिम चौधरी, अवधेश कटारिया, राजीव प्रजापति, संजय शर्मा, महताब आलम, कामिनी, रीना, अनिल नेगी समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।