326 स्कूलों के 1468 मुक्केबाज दिखाएंगे दम, 27 जुलाई से शुरू होगी सीबीएसई नॉर्थ जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप

देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) एक बार फिर सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 बॉक्सिंग चैंपियनशिप की मेजबानी के लिए तैयार है। 27 जुलाई से 1 अगस्त तक आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर भारत के 326 स्कूलों के 1468 मुक्केबाज विभिन्न आयु वर्गों में अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगे।

बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि यह लगातार पांचवां अवसर है जब सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल को इस बड़े आयोजन की मेजबानी का दायित्व मिला है, जो विद्यालय के लिए गौरव की बात है।विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने बताया कि एसबीपीएस वर्ष 2022 से लगातार इस चैंपियनशिप का आयोजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार प्रतियोगिता में कुल 1468 मुक्केबाज हिस्सा लेंगे। इनमें अंडर-14 बालक वर्ग में 278, अंडर-14 बालिका वर्ग में 146, अंडर-17 बालक वर्ग में 529, अंडर-17 बालिका वर्ग में 205, अंडर-19 बालक वर्ग में 228 तथा अंडर-19 बालिका वर्ग में 82 खिलाड़ी शामिल हैं।उन्होंने बताया कि सभी मुकाबले सीबीएसई के निर्धारित नियमों और मानकों के अनुरूप आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा, निष्पक्ष निर्णायक व्यवस्था और उच्च स्तरीय खेल सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा। प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने कहा कि पिछले चार वर्षों से इस चैंपियनशिप के सफल आयोजन के माध्यम से न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे नॉर्थ जोन के युवा मुक्केबाजों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगी और उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। चैंपियनशिप को लेकर स्कूल परिसर में खेल मैदान, आवास, भोजन, चिकित्सा सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि देशभर से आने वाले खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। आयोजन को लेकर विद्यालय प्रशासन और आयोजन समिति पूरी तरह तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *