देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार पर भू-माफियाओं को संरक्षण देने, सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराने तथा जनविरोधी नीतियों के विरोध में कांग्रेस भवन से सचिवालय तक विशाल विरोध रैली निकाली। सचिवालय कूच के दौरान पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
सचिवालय से पहले पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और सरकार के विरोध में प्रदर्शन करने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। सभा को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सरकारी भूमि की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और भू-माफियाओं को संरक्षण दिया जा रहा है। गोदियाल ने कहा कि सरकार मजबूत भू-कानून का दावा करती है, लेकिन वास्तविकता इसके विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है और कांग्रेस जनता के बीच सरकार की वास्तविकता को उजागर करेगी।
गोदियाल ने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार भ्रष्टाचार के नए रिकॉर्ड बना रही हैं तथा जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए धार्मिक भावनाओं का सहारा लिया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए, जिससे कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित रहा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। प्रदर्शन में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, संजय शर्मा, राकेश नेगी, संग्राम सिंह पुंडीर, प्रतिमा सिंह, आर्येंद्र शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।