मसूरी में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, चारों पर्यटकों की मौत

मसूरी। मसूरी के झड़ीपानी रोड स्थित बार्लोगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीव्र ढलान पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सभी चारों पर्यटकों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार सुबह 9:16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड पर एक छोटी कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम क्षेत्र और गहरी खाई होने के बावजूद राहत एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू किया गया। रेस्क्यू टीमों ने खाई से सभी के शव बरामद कर लिया है। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त मारुति सिलेरियो कार (DL5CS4610) में सवार लोग हादसे से कुछ समय पहले पास की एक दुकान से सामान खरीदकर निकले थे। बातचीत के दौरान उन्होंने स्वयं को उत्तरकाशी से लौटते हुए बताया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में बैठते ही वाहन तेज ढलान की ओर तेजी से बढ़ने लगा और नियंत्रण खोकर एक खाली प्लॉट से होते हुए गहरी खाई में गिर गया। मृतकों में सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर निवासी गाजियाबाद तथा संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली शामिल थे। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार तेज ढलान पर ब्रेक फेल होने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी मसूरी मौके पर पहुंचे और स्वयं राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *