मसूरी में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन: 70 वाहनों के चालान, 11 सीज, नाबालिग ड्राइविंग ने उड़ाए होश

– रेंटल बाइक के नाम पर नियमों की अनदेखी पर शिकंजा

– सफेद नंबर प्लेट वाले वाहनों को किराए पर देने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के बाद परिवहन विभाग ने शहर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान करीब 70 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 11 वाहन निरुद्ध कर दिए गए।

चेकिंग में सबसे ज्यादा फोकस रेंटल बाइक, अवैध पार्किंग, वाहन दस्तावेज और फिटनेस पर रहा। विभाग की कार्रवाई के दौरान दो वाहन ऐसे भी मिले जिन्हें नाबालिग चला रहे थे। दोनों वाहनों को तत्काल सीज कर दिया गया।

रेंटल बाइक के नाम पर खेल?

अभियान में ऐसे रेंटल बाइक संचालकों की भी जांच की गई, जिनके दस्तावेज पूरे नहीं थे। इसके अलावा सफेद नंबर प्लेट वाले वाहनों को कथित तौर पर अवैध तरीके से किराए पर दिए जाने के मामलों को भी गंभीरता से लिया गया। परिवहन विभाग ने बताया कि जिन रेंटल बाइक लाइसेंसधारकों के दस्तावेज अपूर्ण पाए गए हैं और जिनके द्वारा नियमों के विपरीत वाहन किराए पर दिए जा रहे हैं, उनके लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई है।

नाबालिग चला रहे थे वाहन

चेकिंग के दौरान दो मामलों में नाबालिग वाहन चलाते पकड़े गए। विभाग ने दोनों वाहनों के चालान करने के साथ उन्हें सीज कर दिया। दोनों वाहन उन 11 वाहनों में शामिल हैं जिन्हें अभियान के दौरान निरुद्ध किया गया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को वाहन देना वाहन स्वामी और अभिभावक के लिए भी कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199A में नाबालिग द्वारा वाहन से संबंधित अपराध की स्थिति में वाहन स्वामी या अभिभावक की जवाबदेही का प्रावधान है।

डीएम के निर्देश के बाद चला अभियान

यह अभियान जिलाधिकारी देहरादून की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में चलाया गया। कार्रवाई आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा, देहरादून संभाग की अधिकारी डॉ. अनीता चमोला के निर्देशन में तथा इंटरसेप्टर प्रभारी प्रज्ञा पंत के नेतृत्व में हुई।अभियान में परिवहन निरीक्षक अश्वनी कुमार, परिवहन उपनिरीक्षक भवान सिंह, परिवहन आरक्षी मनमोहन और पीआरडी कुलदीप शामिल रहे। नगर पालिका मसूरी के टीआई, नगर पालिका की संयुक्त टीम और नायब तहसीलदार उपेंद्र राणा भी अभियान में मौजूद रहे।

नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई

आरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने कहा कि मसूरी में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखना विभाग की प्राथमिकता है। रेंटल बाइक निर्धारित नियमों के अनुसार ही संचालित होनी चाहिए। नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने, बिना वैध दस्तावेज या फिटनेस के वाहन चलाने और नाबालिगों को वाहन देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चेकिंग और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *