देहरादून। द दून गर्ल्स स्कूल में शनिवार को शैक्षणिक सत्र 2025-26 का भव्य समापन सांस्कृतिक संध्या और नाट्य प्रस्तुति “मालगुडी डेज” के साथ हुआ। कार्यक्रम में छात्राओं ने महान साहित्यकार आर. के. नारायण की कालजयी कहानियों को अभिनय, संगीत और नृत्य के माध्यम से जीवंत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सीपी. डंग, उपाध्यक्ष मोहित डंग एवं निर्देशिका मोनिशा दत्ता मौजूद रहीं। प्रधानाचार्या शुचि सिन्हा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद एवं सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध कथक नृत्यांगना, टीवी कलाकार एवं समाजसेवी मोहिना कुमारी ने कार्यक्रम में शिरकत की। छात्राओं ने “मालगुडी डेज” की प्रस्तुति में प्रेम, क्षमा, पारिवारिक मूल्यों और सामुदायिक भावना जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से मंचित किया। मुख्य अतिथि मोहिना कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि कहानी, संगीत और नृत्य युवा पीढ़ी को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। कक्षा 10 में विषयवार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रॉबिन सदन की श्रेया झा को अंग्रेजी, हिंदी, गणित एवं विज्ञान तथा मैना सदन की कमल कौर को सामाजिक अध्ययन में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा गायत्री आसवानी, मोक्षिता, आरशी पांडे और काव्या का चयन सीआईएससीई योग ओलंपियाड राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के अंडर-14 वर्ग के लिए हुआ। वहीं श्री टेक चंद ऑल राउंड प्रोफिशिएंसी पुरस्कार 2024-25 के लिए काव्या चुग और 2025-26 के लिए कमल कौर को प्रदान किया गया। कार्यक्रम का समापन हेड गर्ल समायरा गगनेजा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
