राज्यस्तरीय शूटिंग में एसबीपीएस का लहराया परचम, जीते 19 मेडल

– निशानेबाजों ने 10 स्वर्ण, 4 रजत और 5 कांस्य पदक किए अपने नाम

– 10 मीटर एयर पिस्टल में राघव रावत ने जीता स्वर्ण पदक

देहरादून। राज्यस्तरीय निशानेबाजी प्रतियोगिता में सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) के निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल का परचम लहराया। प्रतियोगिता की विभिन्न स्पर्धाओं में एसबीपीएस के खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण, 4 रजत और 5 कांस्य समेत कुल 19 पदक अपने नाम किए। 10 मीटर एयर पिस्टल अंडर-19 वर्ग में राघव रावत ने 600 में से 575 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

देहरादून स्थित जसपाल राणा शूटिंग एकादमी में 2 से 8 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब दो हजार निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अंडर-16, अंडर-19, अंडर-21 और सीनियर वर्ग में विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। एसबीपीएस शूटिंग एकादमी के कोच अक्षय आनंद ने बताया कि 10 मीटर एयर पिस्टल अंडर-21 वर्ग में निखिल जीना ने 566 अंक हासिल कर रजत पदक जीता। वहीं 10 मीटर एयर राइफल आईएसएसएफ अंडर-16 वर्ग में अनिरुद्ध चक्रवर्ती ने 610.7 का स्कोर करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। अंडर-19 वर्ग में वेदांग जोशी ने कांस्य पदक जीता और अनिरुद्ध राणाकोटी के साथ टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया। आत्रेय भंडारी, रुद्र डोभाल और अनिरुद्ध चक्रवर्ती की टीम ने अंडर-16 वर्ग में कांस्य पदक जीता।

10 मीटर एयर राइफल एनआर अंडर-16 वर्ग में काव्यांशी ढौंडियाल ने स्वर्ण पदक जीता। काव्यांशी ने अवनी भंडारी और ख्याति शर्मा के साथ टीम स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी वर्ग में समर्थ रावत, शौर्य प्रताप और ऋषभ ध्यानी की टीम ने भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

10 मीटर एयर पिस्टल आईएसएसएफ अंडर-21 वर्ग में प्रिया बडोला ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। एनआर महिला वर्ग में नम्या महतो ने 400 में से 355 अंक हासिल कर संयुक्त अंडर-16, अंडर-19, अंडर-21 और सीनियर वर्ग की व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। नम्या ने हार्दिका चौधरी और आराध्या जोशी के साथ टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक भी जीता। एनआर अंडर-16 वर्ग में आर्यन रावत और श्रेयांश कोठारी ने टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। 50 मीटर राइफल एनआर सीनियर वर्ग में अनिरुद्ध राणाकोटी ने रजत और आशु कुमार मीना ने कांस्य पदक जीता।

बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी और स्कूल प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, अनुशासन और कोच अक्षय आनंद के मार्गदर्शन को दिया। विपिन बलूनी ने कहा कि एसबीपीएस के निशानेबाज लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और उम्मीद है कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी वे शानदार उपलब्धियां हासिल करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *