– तीन महिला अध्यक्षों के निर्विरोध निर्वाचन को बताया महिला नेतृत्व की बड़ी उपलब्धि
– सहकारिता मंत्री बोले- सुधारों पर मिला भरोसे का जनादेश
देहरादून। उत्तराखंड के सहकारिता चुनावों में भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशियों ने सभी नौ जिला सहकारी विकास संघों पर निर्विरोध जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पकड़ का प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही चंपावत जिला भेषज सहकारी संघ में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवार की जीत हुई है। इस परिणाम को पार्टी और सरकार ने सहकारिता क्षेत्र में किए गए सुधारों तथा संगठन की मजबूती का संकेत बताया है।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिला सहकारी विकास संघों के चुनाव परिणाम इस बात का प्रमाण हैं कि सहकारिता से जुड़े प्रतिनिधियों ने सरकार की नीतियों और सुधारों पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता बढ़ाने, किसानों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया है। इन चुनावों में उधम सिंह नगर, अल्मोड़ा और चमोली जिला सहकारी विकास संघों में क्रमशः प्रतिभा शाही, बबीता मेहरा और कमला देवी निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गई हैं। तीन महिला अध्यक्षों का निर्विरोध निर्वाचन सहकारिता क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। इसके अलावा पौड़ी के कोटद्वार से रविंद्र सिंह नेगी, टिहरी के मुनिकीरेती से सत्येंद्र सिंह पुनेठा, हरिद्वार से रामवीर सिंह, तराई विकास सहकारी संघ रुद्रपुर से गोपाल बोरा, देहरादून जिला सहकारी फेडरेशन से राहुल गुप्ता तथा नैनीताल जिला सहकारी फेडरेशन हल्द्वानी से शिव बहादुर सिंह निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। डॉ. रावत ने कहा कि सरकार सहकारिता आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने और किसानों, महिलाओं तथा युवाओं को इससे जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित पदाधिकारी सहकारी संस्थाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने बताया कि जिला सहकारी विकास संघों के चुनाव के बाद अब जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी कराए जाएंगे। सरकार इन चुनावों को भी निष्पक्ष और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।