फलदार पौधों से संवरेगा उत्तराखंड, हरेला पर 11 लाख पौधरोपण अभियान का आगाज

देहरादून। हरेला पर्व की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड में हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक बड़े अभियान की शुरुआत हुई। कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून स्थित अपने कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राज्यभर में 11 लाख पौधों के रोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उद्यान विभाग की ओर से लोगों को विभिन्न प्रजातियों के फलदार, औषधीय और सुगंधित पौधे निःशुल्क वितरित किए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गणेश जोशी ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उद्यान विभाग ने राज्यभर में 10 लाख फलदार पौधों के साथ 50 हजार चाय और 50 हजार रेशम विभाग के पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। इस प्रकार कुल 11 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष हरेला के अवसर पर 9 लाख से अधिक फलदार पौधे लगाए गए थे, जिनसे मिले उत्साहजनक परिणामों के बाद इस बार अभियान का दायरा बढ़ाया गया है। कृषि मंत्री ने कहा कि फलदार पौधों को प्राथमिकता देने के पीछे उद्देश्य यह है कि लोग इनकी देखभाल अधिक जिम्मेदारी से करते हैं। इससे पौधों के जीवित रहने की संभावना बढ़ती है और भविष्य में लोगों को फल उत्पादन के माध्यम से पोषण और अतिरिक्त आय का लाभ भी मिलता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से हरेला पर्व पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखकर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कैंट विधायक सविता कपूर, दायित्वधारी ज्योति कोटिया, उद्यान निदेशक डॉ. आर.के. सिंह, कृषि निदेशक दिनेश कुमार, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *