सीबीएसई नॉर्थ जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप: एसबीपीएस के कुल 19 मुक्केबाज क्वार्टर फाइनल में

– तीसरे दिन 250 मुकाबले, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन-1 बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026 में मेजबान स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन एसबीपीएस के 11 और मुक्केबाजों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही स्कूल के कुल 19 खिलाड़ी अब अंतिम आठ में पहुंच चुके हैं।

तीसरे दिन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग में करीब 250 रोमांचक मुकाबले खेले गए। मुक्केबाजों ने बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और जुझारूपन का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के तीसरे दिन का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच डी.सी. भट्ट ने किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टिंग कोच प्रदीप गुरुंग, अंतरराष्ट्रीय जिमनास्ट खेम बहादुर तथा सीबीएसई ऑब्जर्वर अमित चौधरी भी मौजूद रहे। अंडर-17 बालक वर्ग में एसबीपीएस के लक्ष्य राणा, रोहित सिंह, लविश सोनी, आरव भंडारी, मोहित भंडारी, कृष्ण सिंह, शौर्य बलूनी, गौरव सिंह और आदित्य खंडूड़ी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में अंशिका विद्वान और स्वस्ति रावत ने भी जीत दर्ज करते हुए अंतिम आठ में प्रवेश किया।

बलूनी ग्रुप के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एसबीपीएस के मुक्केबाज लगातार शानदार खेल दिखा रहे हैं और उनसे आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम मैदान में दिखाई दे रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *