स्कूली छात्रों को नशे की डोज देने निकले तीन तस्कर STF ने दबोचे

– 50 लाख की खेप और बोलेरो कैंपर जब्त

देहरादून। स्कूल-कॉलेज के छात्रों और नशे के आदी युवाओं तक हेरोइन पहुंचाने के कथित मंसूबे के साथ देहरादून पहुंचे तीन तस्करों को STF/ANTF ने क्लेमनटाउन में धर दबोचा। संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 265 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो कैंपर भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

मुख्यमंत्री के ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में STF को यह सफलता मिली। STF के मुताबिक तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर टीम ने क्लेमनटाउन पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की। संदिग्ध बोलेरो कैंपर की तलाशी के दौरान मादक पदार्थ बरामद होने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बताया कि वे युवाओं और स्कूली छात्रों को हेरोइन की सप्लाई करने के उद्देश्य से देहरादून आए थे। पुलिस को आरोपियों द्वारा ऋषिकेश के साथ ही देहरादून के राजपुर, प्रेमनगर और क्लेमनटाउन क्षेत्रों में मादक पदार्थ सप्लाई किए जाने की जानकारी भी मिली है। इन दावों और नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नावेद अली, साहिब अली और मुकर्रम मलिक, सभी निवासी हकीमपुर तुर्रा, थाना कलियर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। उनके खिलाफ क्लेमनटाउन थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

कहां से आई खेप, किसे होनी थी सप्लाई?

STF अब आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन लोग हैं और देहरादून में इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस के मुताबिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

STF अधिकारियों ने कहा कि युवाओं और स्कूल-कॉलेजों के आसपास मादक पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *