देहरादून। जिज्ञासा यूनिवर्सिटी में गुरुवार को नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए आयोजित फ्रेशर्स पार्टी ‘स्पार्क 26’ संगीत, नृत्य और मनोरंजन के रंगों से सराबोर रही। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर उत्साह और उमंग से झूम उठा। सिंगिंग, लोकगीत, रैप, वेस्टर्न डांस और शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुतियों के साथ नए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ. संदीप कौटिश ने किया। उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल शैक्षणिक भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल किताबों और कक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और व्यक्तित्व को निखारने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। ‘स्पार्क 26’ में विद्यार्थियों ने एक के बाद एक शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब तालियां बटोरीं। पारंपरिक लोकगीतों की मिठास से लेकर रैप और वेस्टर्न डांस की ऊर्जा तक, मंच पर विविध रंग देखने को मिले। शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति की झलक भी पेश की। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रैंप वॉक रहा। आत्मविश्वास के साथ मंच पर उतरे विद्यार्थियों ने अपने अंदाज, व्यक्तित्व और प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान खींचा। प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं।इसके बाद हुई डीजे नाइट ने कार्यक्रम में और रंग भर दिए। संगीत की धुनों पर विद्यार्थी जमकर थिरके और देर तक जश्न का माहौल बना रहा। इस तरह ‘स्पार्क 26’ नए विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय जीवन की एक यादगार और शानदार शुरुआत बन गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मीनाक्षी वर्मा और डॉ. अल्का गौड़ ने किया। इस अवसर पर रजिस्ट्रार डॉ. जशनदीप सिंह सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के डीन, शिक्षक, स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।