– विश्व हृदय दिवस पर उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में जागरूकता कार्यक्रम
-विशेषज्ञों ने बताए हार्ट अटैक के लक्षण और बचाव के उपाय
देहरादून। “Don’t Miss a Beat” थीम के साथ उत्तरांचल यूनिवर्सिटी के उत्तरांचल कॉलेज ऑफ नर्सिंग में विश्व हृदय दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने हृदय रोगों से बचाव, हार्ट अटैक के शुरुआती लक्षणों की पहचान और आपात स्थिति में तत्काल सहायता के महत्व पर जोर दिया। विद्यार्थियों को सीपीआर की व्यावहारिक ट्रेनिंग भी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वेलमेड हॉस्पिटल के चीफ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. निलेश चंद्र पांडे ने विभिन्न हृदय रोगों, हार्ट अटैक के प्रमुख लक्षणों और हृदय संबंधी जोखिम को कम करने के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और हृदय स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उत्तरांचल कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य डॉ. मिधु कुरियन ने अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए नियमित व्यायाम और संतुलित जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया। वहीं, कैंपस डायरेक्टर डॉ. अमित भट्ट ने भी नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हृदय स्वास्थ्य और नशीले पदार्थों से बचाव पर आधारित थीम प्रस्तुति दी। इसके माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।उत्तरांचल हॉस्पिटल एंड डायग्नोस्टिक सेंटर के डॉ. अमितांशु ने सीपीआर पर व्यावहारिक कार्यशाला आयोजित की। उन्होंने प्रतिभागियों को आपात स्थिति में तत्काल सीपीआर देने की प्रक्रिया और समय पर सहायता पहुंचाने के महत्व के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में उत्तरांचल कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं फार्मेसी विभाग के फैकल्टी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। वेलमेड हॉस्पिटल से एजीएम राहुल डोरा, बीडीएम अभिषेक भटनागर और कैंप हेड स्नेहा भट्ट भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय उत्तरांचल कॉलेज ऑफ नर्सिंग की फैकल्टी सुश्री मंजू ने किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और प्रतिभागियों को यह संदेश दिया गया कि हृदय रोगों के जोखिम को कम करने के लिए स्वस्थ जीवनशैली जरूरी है और आपात स्थिति में लक्षणों की समय पर पहचान तथा त्वरित कार्रवाई जीवन बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है।