हरिद्वार में शिवभक्तों पर हैलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, सीएम धामी ने पखारे चरण और परोसा भोजन

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार को कांवड़ यात्रा के दौरान आस्था, सेवा और सम्मान का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिवभक्त कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पांच कांवड़ियों के चरण प्रक्षालन कर सम्मानित किया और अपने हाथों से श्रद्धालुओं को भोजन परोसकर सेवा भाव का संदेश दिया।

अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रियों के लिए स्थापित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों से उपचार, दवाइयों और आपात स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है। कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का विराट उत्सव है। राज्य सरकार सभी विभागों के समन्वय से यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि, केदारनाथ पुनर्निर्माण और बदरीनाथ मास्टर प्लान जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए यात्रा मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपात सहायता जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की अपील भी की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। इस मौके पर    महामण्डलेश्वर ललितानंद गिरी महाराज, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा एवं राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, हरिद्वार की मेयर किरण जैसल, रुड़की की मेयर अनिता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी (कुंभ मेला) योगेन्द्र सिंह रावत, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी (कुंभ मेला) आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र समेत अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *