सेलाकुई में अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, 40 लाख का चोरी का माल और 3.90 लाख नकद बरामद

देहरादून। सेलाकुई क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दून पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न घटनाओं में चोरी किया गया लगभग 40 लाख रुपये मूल्य का माल, 3 लाख 90 हजार रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार सेलाकुई थाना क्षेत्र में चोरी की पांच अलग-अलग घटनाओं के संबंध में मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने विशेष पुलिस और एसओजी टीमों का गठन कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अभियुक्तों के पुन: किसी घटना को अंजाम देने के इरादे से आज सेलाकुई क्षेत्र में आने की सूचना मुखबिर ने दी।  जिस पर पुलिस टीम द्वारा चैकिंग के दौरान एक संदिग्ध ग्लैमर मोटर साइकिल संख्या: यू0के0-07-एए-2277 पर सवार दो अभियुक्तों विकास एवं सुमित कुमार (निवासी सहारनपुर) को रोक कर चैक किया गया तो बाइक सवार अभियुक्तों से आलानकब बरामद हुआ जिनसे सख्ती से पूछताछ के दौरान उनके द्वारा सेलाकुई क्षेत्र में कई बंद घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर सहसपुर के शंकरपुर स्थित किराए के कमरे से चोरी का भारी मात्रा में सामान और नकदी बरामद की गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दिन में मजदूरी और काम की तलाश के बहाने बंद घरों की रेकी करते थे और रात में सुनसान मकानों को निशाना बनाते थे। गर्मी की छुट्टियों में बाहर गए परिवारों के मकानों को विशेष रूप से चुना जाता था। जांच के दौरान आरोपी विकास के बैंक खाते में चोरी का सामान बेचकर जमा किए गए 2.50 लाख रुपये मिलने पर पुलिस ने खाते को फ्रीज करा दिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। गिरोह के एक अन्य सदस्य की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *