देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग फ्री देवभूमि” अभियान को गति देते हुए दून पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर सात नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्मैक, गांजा, कच्ची शराब और बड़ी मात्रा में देशी शराब बरामद की है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों को भी सीज कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार, एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चलाकर नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में विकासनगर, ऋषिकेश और नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया।
विकासनगर में स्मैक और कच्ची शराब के साथ दो गिरफ्तार
कोतवाली विकासनगर पुलिस ने 11 जुलाई को अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दिलदार पुत्र गुलजार निवासी मदीना बस्ती बाईपास रोड विकासनगर को 8.08 ग्राम अवैध स्मैक के साथ पकड़ा। वहीं सुमित पुत्र नेमचंद निवासी कुंजाग्रांट विकासनगर को 5 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक स्मैक तस्करी में पकड़े गए दिलदार का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ विकासनगर कोतवाली में मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं।
ऋषिकेश में 10 पेटी से अधिक अवैध देशी शराब बरामद
ऋषिकेश पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पुराने रेलवे स्टेशन क्षेत्र और डक वाली रोड से कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 495 टेट्रा पैक अवैध देशी शराब बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा पत्नी राजे निवासी जाटव बस्ती ऋषिकेश, राखी पत्नी सचिन निवासी जाटव बस्ती, सौरभ पासवान निवासी चंद्रेश्वरनगर और सुमित निवासी चंद्रेश्वरनगर शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सौरभ और सुमित शराब की तस्करी स्कूटी से कर रहे थे। दोनों स्कूटियों को सीज कर दिया गया है।
नेहरू कॉलोनी पुलिस ने गांजा तस्कर दबोचा
नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोथरोवाला क्षेत्र से कुमार हर्षवर्धन पुत्र संतोष कुमार सिंह निवासी बिहार हाल पता पटेलनगर देहरादून को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 736 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया है। एसएसपी देहरादून ने कहा है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।