परेड ग्राउंड विवाद पर भाजपा का कांग्रेस पर वार, भट्ट बोले- तथ्य छिपाकर भ्रम फैला रही कांग्रेस

देहरादून। राहुल गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर चल रहे विवाद के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देकर भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रही है, जबकि वास्तविकता इससे अलग है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि परेड ग्राउंड में कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर कांग्रेस की ओर से किए गए प्रारंभिक आवेदन में राहुल गांधी के कार्यक्रम का कोई उल्लेख नहीं था। उन्होंने कहा कि आवेदन में राहुल गांधी के नाम का जिक्र तक नहीं किया गया, जिससे कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठते हैं। उन्होंने बताया कि परेड ग्राउंड में पहले से आयोजित लोक संवर्धन पर्व को राष्ट्रीय शोक के कारण प्रभावित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों को पूरा कराने के लिए भारत सरकार की अनुमति से दो दिन आगे बढ़ाया गया है। वर्तमान में इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और स्थल पर व्यवस्थाएं पहले से निर्धारित हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस को बन्नू स्कूल मैदान समेत अन्य वैकल्पिक स्थलों का सुझाव दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी राजनीतिक कार्यक्रम को रोकने का प्रयास नहीं किया जा रहा है। भट्ट ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर राजनीतिक दल को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन सभी को प्रशासनिक नियमों और पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि वह इस मुद्दे को बेवजह विवाद का रूप देने के बजाय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए। उन्होंने कहा कि उपयुक्त स्थान उपलब्ध होने पर नियमानुसार कार्यक्रम की अनुमति दी जाएगी। कांग्रेस को जनता को भ्रमित करने की राजनीति छोड़कर तथ्यों के आधार पर बात करनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *