देहरादून। सीमित संसाधन और आर्थिक कठिनाइयाँ यदि मजबूत इरादों के सामने आ जाएँ, तो सफलता का रास्ता नहीं रोक सकतीं। इसका जीवंत उदाहरण देहरादून की अमीशा हैं, जिन्होंने नीट-यूजी 2026 में अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग से 463 अंक प्राप्त कर मेडिकल कॉलेज का रास्ता तय कर लिया। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
अमीशा के पिता सुमेर लाल देहरादून में ड्राइवर का कार्य करते हैं। सीमित आय के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी। कारगी चौक निवासी सुमेर लाल का वर्षों पुराना सपना था कि उनकी बेटी डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करे। अमीशा ने भी बचपन से इस सपने को अपना लक्ष्य बनाया और पूरी मेहनत व लगन के साथ तैयारी में जुट गईं। वर्ष 2024 में अमीशा ने एसजीआरआर पटेल नगर, देहरादून से इंटरमीडिएट परीक्षा 89.5 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। उसी वर्ष उन्होंने पहली बार नीट परीक्षा दी, जिसमें उन्हें 300 अंक मिले। यह स्कोर मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए पर्याप्त नहीं था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी कमियों को दूर करने का संकल्प लिया। बेहतर तैयारी के लिए उन्होंने बलूनी क्लासेस का रुख किया। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए संस्थान के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने उन्हें निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई। अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और अनुशासित अध्ययन के बल पर अमीशा ने एक वर्ष में उल्लेखनीय सुधार करते हुए अपना स्कोर 300 से बढ़ाकर 463 अंक तक पहुँचा दिया।
शुक्रवार को घोषित नीट-यूजी 2026 के परिणाम ने अमीशा और उनके परिवार के वर्षों के संघर्ष को सफलता में बदल दिया। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि आर्थिक अभाव कभी भी प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के आगे बाधा नहीं बन सकता। सही मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ बड़े से बड़ा सपना भी साकार किया जा सकता है। अमीशा की सफलता आज उन हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने लक्ष्य को पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनकी कहानी बताती है कि यदि हौसले बुलंद हों, तो मंज़िल दूर नहीं होती।