मसूरी विधानसभा में सड़कों और बिजली व्यवस्था को लेकर मंत्री गणेश जोशी सख्त, अधिकारियों को दिए सुधार के निर्देश

देहरादून, 27 जुलाई। मसूरी विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों की स्थिति जानी। कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में नगर निगम, एडीबी और विद्युत विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात को देखते हुए खराब सड़कों की पहचान कर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू किया जाए, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने लंबित सड़क कार्यों के प्रस्तावों को शीघ्र पूरा कर स्वीकृति लेने और धरातल पर काम तेज करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि विकास योजनाओं को समय पर पूरा किया जा सके। बैठक के दौरान विद्युत व्यवस्था को लेकर भी मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुराने और जर्जर बिजली के पोलों को बदलने, झूलते तारों को दुरुस्त करने तथा सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। गणेश जोशी ने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाकर लोगों को राहत पहुंचाई जाए।

बैठक में नंदनी शर्मा, सुरेंद्र राणा, मोहन बहुगुणा, प्रदीप रावत, भावना चौधरी, योगेश घाघट, संजय नौटियाल, सहायक नगर आयुक्त विनय प्रताप, अधीक्षण अभियंता विद्युत राहुल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *