– अभिलाष झा और ईरा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता-अभिनेत्री का पुरस्कार, दो दिवसीय फिल्म फेस्टिवल का समापन
देहरादून। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ओपन एयर फिल्म फेस्टिवल ‘हिमप्रवाह 3.0’ में प्रज्ञा थपलियाल की फिल्म ‘छौँ’ ने सर्वश्रेष्ठ फिक्शन फिल्म का खिताब अपने नाम किया। वहीं, अभिलाष झा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और ईरा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया। फिल्म फेस्टिवल में देश-विदेश की फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ युवा फिल्मकारों की रचनात्मकता और सिनेमाई प्रतिभा देखने को मिली।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार की मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद सिंह ने कहा कि पत्रकारिता और जनसंचार का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। अब पत्रकारिता, जनसंपर्क और विज्ञापन के साथ फिल्म, टेलीविजन, ओटीटी और डिजिटल मीडिया भी संचार के महत्वपूर्ण माध्यम बन गए हैं। यूट्यूब, रील्स और लघु फिल्मों ने इस क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा की हैं। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए फिल्म निर्माण और वृत्तचित्र की बारीकियों को समझना जरूरी है। मीडिया और मनोरंजन उद्योग युवाओं को रोजगार के साथ रचनात्मकता के नए अवसर भी उपलब्ध करा रहा है।
वृत्तचित्र श्रेणी में अब्दुल सामी और हैदर अली की ‘उड़ान’ सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुनी गई, जबकि आदित्य की ‘एमएक्स’ उपविजेता रही। तुर्की की लघु फिल्म ‘रिदम ऑफ बैलेंस’ को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, ‘क्वानू’ के लिए अभिजीत नेगी को सर्वश्रेष्ठ छायाकार और ‘समवन स्टिल लव्स यू’ के लिए विग्नेश गायकवाड़ को सर्वश्रेष्ठ संपादक का पुरस्कार मिला।
फेस्टिवल के दूसरे दिन गढ़-कुमाऊं के रैप कलाकार तरुण बिष्ट ने गढ़वाली और कुमाऊंनी संस्कृति से जुड़े दमदार रैप से समां बांधा। इस दौरान ‘कालरेखा’, ‘क्वानू’, ‘वीरा’, ‘नंदा लौटेगी’, ‘सीमांत’ और ‘द फियरलेस जेंडर’ सहित कई लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
आयोजन मीडिया एवं जनसंचार विभाग ने उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद और स्टाइलिंग पार्टनर लाइमलोड के सहयोग से किया। निर्णायक मंडल में अभिनेता कैलाश कंडवाल, फिल्म निर्माता राहुल रावत और निर्देशक संतोष सिंह शामिल रहे।