निवेश के नाम पर ₹69.90 लाख की साइबर ठगी, उत्तराखण्ड STF ने गौतमबुद्धनगर से आरोपी किया गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखण्ड STF की साइबर टीम ने निवेश के नाम पर ₹69.90 लाख की ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में एक आरोपी को गौतमबुद्धनगर, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। STF के अनुसार आरोपी के कोटक बैंक खाते में साइबर ठगी से संबंधित ₹10 लाख की रकम पहुंची थी।

साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायतकर्ता ने फेसबुक पर Anand Rathi Shares And Stock Brokers Limited से संबंधित निवेश विज्ञापन के माध्यम से संपर्क होने की जानकारी दी थी। इसके बाद उसे व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया और अधिक लाभ का लालच देकर विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा कराई गई। शिकायत के आधार पर मुकदमा संख्या 23/2026 में धारा 318(4), 61(2) BNS और 66(D) IT Act के तहत मामला दर्ज किया गया।

बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने संबंधित बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि कोटक बैंक के एक खाते में साइबर धोखाधड़ी से संबंधित ₹10 लाख की रकम प्राप्त हुई थी। बैंक खाते और उससे जुड़े मोबाइल नंबर की जानकारी के तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपी की लोकेशन गौतमबुद्धनगर में होने का इनपुट मिला। स्थानीय पुलिस की मदद से तलाश करने पर पता चला कि आरोपी अपने मूल पते पर नहीं रह रहा था और ग्रेटर नोएडा के ओमीक्रॉन-1 स्थित HIG अपार्टमेंट में परिवार के साथ रह रहा था।

पुलिस टीम ने दबिश देकर मुनिन्द्र भाटी पुत्र रविन्द्र भाटी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी से बचने के लिए बदल रहा था ठिकाना

STF के मुताबिक आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने निवास स्थान बदल रहा था। पूछताछ में उसके बैंक खाते में पहुंची ₹10 लाख की रकम के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और बैंक खाते से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

STF के अनुसार पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के परीक्षण के आधार पर साइबर ठगी में शामिल अन्य लोगों तथा नेटवर्क के संबंध में और जानकारी मिलने की संभावना है।

आरोपी से बरामद सामान

  • एक iPhone-13 मोबाइल फोन
  • दो सिम कार्ड
  • एक आधार कार्ड
  • कोटक बैंक का एक खाली चेक

साइबर ठगी से बचने की अपील

STF ने आमजन से अपील की है कि किसी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते, मोबाइल, OTP, बैंकिंग विवरण अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। निवेश के नाम पर असामान्य रूप से अधिक लाभ का लालच देने वाले संदिग्ध ऑफर से सावधान रहने की सलाह दी गई है।

किसी भी प्रकार की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज करने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *