– शानदार प्रदर्शन पर एमडी विपिन बलूनी सनाया को किया सम्मानित
देहरादून। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल (एसबीपीएस) की कक्षा आठ की छात्रा और तीरंदाज सनाया भंडारी ने पानीपत में आयोजित सीबीएसई नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में अंडर-14 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और स्कूल का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता का आयोजन 20 से 26 सितंबर तक किया गया, जिसमें देशभर के स्कूलों के तीरंदाजों ने प्रतिभाग किया।
सनाया ने अंडर-14 वर्ग के 30 मीटर इंडियन राउंड में गोल्ड मेडल हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ उसका चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया नेशनल प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। सनाया की सफलता पर बलूनी ग्रुप के एमडी विपिन बलूनी ने उसे सम्मानित किया और कहा कि उसकी उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि स्कूल में बच्चों को क्वालिटी एजुकेशन देने के साथ ही उनकी खेल प्रतिभा को भी निखारा जाता है। यही वजह है कि एसबीपीएस के अनेक खिलाड़ी प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। एसबीपीएस के आर्चरी कोच कुलदीप बिष्ट ने बताया कि सनाया ने महज तीन वर्ष के प्रशिक्षण में यह मुकाम हासिल किया है। इससे पहले जुलाई 2026 में कोटद्वार में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ जोन प्रतियोगिता में करीब 600 खिलाड़ियों के बीच सनाया ने अंडर-14 वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीते थे। वर्ष 2025 में वह आंध्र प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुकी हैं। इसके अलावा नैनीताल स्टेट चैंपियनशिप में उन्होंने रजत पदक हासिल किया था। सनाया मूल रूप से श्रीनगर गढ़वाल की रहने वाली हैं। उनकी मां आरती भंडारी श्रीनगर नगर निगम की महापौर हैं, जबकि पिता लखपत भंडारी भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। पारिवारिक और सामाजिक जिम्मेदारियों के बीच दोनों ने सनाया को खेलों के लिए प्रोत्साहित किया। करीब तीन वर्ष पहले उसका एसबीपीएस में दाखिला कराया गया, जिसके बाद उसने आर्चरी में लगातार मेहनत करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। “सनाया का सपना भविष्य में ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक जीतना है। उसकी सफलता पर स्कूल के प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल ने कहा कि सनाया ने साबित किया है कि सही मार्गदर्शन, मेहनत और माता-पिता के भरोसे से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।