देहरादून। परेड ग्राउंड में आयोजित जिला टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 में अंतिम दिन रोमांचक मुकाबलों के बीच पुरुष वर्ग में एजी ऑफिस के गौतम ध्रुवांश और महिला वर्ग में ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय की अदिति भारद्वाज ने खिताब अपने नाम किए। तीन दिवसीय प्रतियोगिता के अंतिम दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल और दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का ध्यान खींचा। पुरुष फाइनल में गौतम ने सीधे तीन गेम में जीत दर्ज की, जबकि महिला वर्ग का खिताबी मुकाबला पांच गेम तक चला।
26 से 28 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के फाइनल में गौतम ध्रुवांश ने दीक्षा टेबल टेनिस अकादमी के अनिरुद्ध ध्यानी को 3-0 से पराजित किया। मुकाबला शुरुआती गेम से ही कड़ा रहा। गौतम ने पहला गेम 14-12 और दूसरा गेम 16-14 से जीतकर बढ़त बनाई। तीसरे गेम में उन्होंने 11-8 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमा लिया।
इससे पहले पुरुष वर्ग के सेमीफाइनल में अनिरुद्ध ध्यानी ने स्वप्निल ध्यानी को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं गौतम ध्रुवांश ने अर्पित हिंदवाल को 3-0 से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
अदिति और विदुषी के बीच कड़ा मुकाबला
महिला वर्ग का फाइनल प्रतियोगिता के सबसे रोमांचक मुकाबलों में शामिल रहा। ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय की अदिति भारद्वाज ने दून विश्वविद्यालय की विदुषी धनाई को 3-2 से हराकर महिला वर्ग का खिताब जीता। पांच गेम तक चले मुकाबले में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। अदिति ने 11-13 से पहला गेम गंवाने के बाद 15-13 और 11-8 से अगले दो गेम जीतकर बढ़त बनाई। विदुषी ने चौथा गेम 11-4 से जीतकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन निर्णायक गेम में अदिति ने 11-9 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
स्वप्निल और आदिश ने भी जीते खिताब
बालक अंडर-19 वर्ग में दीक्षा टेबल टेनिस अकादमी के स्वप्निल ध्यानी ने इसी अकादमी के अर्पित हिंदवाल को 3-0 से हराकर पहला स्थान हासिल किया। स्वप्निल ने 11-4, 11-6 और 11-9 से मुकाबला जीता। बालक अंडर-17 वर्ग के फाइनल में डीआईएस स्कूल के आदिश नौटियाल ने ब्राइटलैंड्स स्कूल के रुद्रांश गौड़ को 3-0 से पराजित किया। आदिश ने 11-6, 11-8 और 11-6 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में उत्तराखंड टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष चेतन गुरुंग और मानद सचिव प्रिंस विपिन ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर देहरादून जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन के मानद सचिव केके शर्मा, कोषाध्यक्ष गिरिश मधवाल, रेफरी एससी भट्ट, अंतरराष्ट्रीय अंपायर बृजेश कुमार, आसिफ अहमद और बीपी उप्रेती, साहिल बिष्ट, अतुल शर्मा तथा एमएस भंडारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।