देहरादून। मैदान पर अनुशासित कदमताल, आसमान में उड़ते रंग-बिरंगे गुब्बारे, मशाल के साथ उत्कृष्टता का संकल्प और जीत के लिए दौड़ते खिलाड़ियों का जोश। कुछ ऐसे ही उत्साहपूर्ण माहौल में द एशियन स्कूल की 27वीं वार्षिक एथलेटिक मीट-2026 का बुधवार को आगाज हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन विद्यार्थियों ने अपनी गति, सहनशक्ति और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया। मार्च पास्ट से लेकर मशाल दौड़ और ट्रैक स्पर्धाओं तक हर आयोजन ने खेलों के प्रति विद्यार्थियों के जुनून को दर्शाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं निदेशक अनंत विजय दत्त थपलियाल ने दोपहर तीन बजे स्कूल का ध्वज फहराकर एथलेटिक मीट का शुभारंभ किया। इसके बाद स्पोर्ट्स कैप्टन पलक शर्मा के नेतृत्व में मार्च पास्ट आयोजित किया गया। हेड बॉय अनुभव यादव, हेड गर्ल रिद्धिमा सिंह, वाइस हेड बॉय आदित सैनी और वाइस हेड गर्ल अन्वशा ममगाईं के साथ चारों सदनों की टुकड़ियों ने अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया। अर्जुन सदन की सिद्धि बिजल्वान, अशोका सदन की डेकी त्शोमो, रंजीत सदन की वरिशा पटेल और शिवाजी सदन की आंचल गुप्ता ने अपनी-अपनी टुकड़ियों का नेतृत्व किया। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और प्रतियोगिता के नियमों का पालन करने की शपथ ली। इसके बाद गुब्बारे आसमान में छोड़कर विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने थामी मशाल
समारोह का प्रमुख आकर्षण मशाल दौड़ रही, जो दृढ़ संकल्प, निरंतर प्रयास और उत्कृष्टता का प्रतीक बनी। इस गौरवपूर्ण अवसर के लिए चार खिलाड़ियों का चयन किया गया। इनमें महिला प्रीमियर लीग 2025-26 में टी-20 महिला ट्रॉफी प्राप्त करने वाली आध्या अग्रवाल, इंडिया ओपन प्रतियोगिता-2026 की युवा पुरुष ट्रैप शूटिंग स्पर्धा के स्वर्ण पदक विजेता अभिषेक निम, क्लस्टर बास्केटबॉल 2025-26 और जिला बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2026 के पदक विजेता युवराज तथा क्लस्टर फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 में भाग लेने वाली स्पोर्ट्स कैप्टन पलक शर्मा शामिल रहीं।
बैंड की धुनों ने बढ़ाया उत्साह
विद्यालय के छात्र बैंड ने भी समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा। रोहनप्रीत सिंह के नेतृत्व में बैंड दल ने ‘कदम बढ़ा’ और ‘सारे जहां से अच्छा’ की धुनें प्रस्तुत कीं। बैंड की लयबद्ध प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। विद्यार्थियों को बैंड का प्रशिक्षण सेवानिवृत्त एसपी एवं नायब सूबेदार राजेश नेगी ने दिया।
800 मीटर दौड़ में अशोका और शिवाजी सदन आगे
एथलेटिक मीट के पहले दिन विभिन्न आयु वर्गों की ट्रैक स्पर्धाएं आयोजित की गईं। 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की ओपन गर्ल्स 800 मीटर दौड़ में अशोका सदन की डेकी त्शोमो ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-16 ओपन बॉयज 800 मीटर दौड़ में शिवाजी सदन के यशदीप यादव विजेता बने।
अंडर-12 गर्ल्स वर्ग की 4×100 मीटर रिले दौड़ में अर्जुन सदन ने जीत दर्ज की, जबकि 16 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की बॉयज 4×100 मीटर रिले दौड़ में शिवाजी सदन विजेता रहा। स्पर्धाओं के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी गति, समर्पण और सामूहिक प्रयास से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक गगनजोत जुनेजा, बर्सर संदेश शर्मा, हेड सीनियर स्कूल मुकेश नागिया, हेड मिडिल स्कूल सचिन अग्रवाल, हेड जूनियर स्कूल अनु मेहरोत्रा, एचओआर सुभाष शर्मा, डिप्टी हेड जूनियर स्कूल सुरभि नरूला, खेल विभागाध्यक्ष सेवानिवृत्त सूबेदार संजय कुमार राणा, डीन एक्टिविटी श्वेता माटा सहित शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।